• भारी बारिश से प्रभावित विद्युत आपूर्ति की समीक्षा; काशीपुर-नहटौर लाइन की ट्रिपिंग पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

देहरादून: उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई क्षेत्रों में लैंडस्लाइड और पेड़ों के विद्युत लाइनों पर गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। इस आपात स्थिति और बिजली बहाली के कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए पिटकुल के प्रबंध निदेशक (MD) पी.सी. ध्यानी ने मध्य रात्रि में प्रांतीय भार निस्तारण केंद्र (SLDC), विद्युत भवन माजरा, देहरादून का औचक निरीक्षण किया।

कर्मचारियों की मेहनत की सराहना
निरीक्षण के दौरान एमडी ध्यानी ने प्रदेशभर में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विपरीत मौसम और कठिन परिस्थितियों के बावजूद विद्युत व्यवस्था को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए दिन-रात किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और रात्रि शिफ्ट में डटे कर्मचारियों को पूरी निष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

काशीपुर-नहटौर लाइन की ट्रिपिंग पर सख्त निर्देश
औचक निरीक्षण के दौरान 400 केवी काशीपुर-नहटौर लाइन पर ट्रिपिंग की समस्या सामने आई। प्रबंध निदेशक ने इस पर तुरंत संज्ञान लेते हुए विस्तृत जानकारी ली और 400 केवी सबस्टेशन काशीपुर के सहायक अभियंता को इस समस्या का त्वरित निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए।

लापरवाह कंपनी पर बरसे एमडी, कारण बताओ नोटिस के निर्देश
मौसम के गलत पूर्वानुमान को लेकर एमडी ने मार्काडोस कंपनी पर गहरी नाराजगी जताई। कंपनी द्वारा अपनाई जा रही पूर्वानुमान प्रक्रिया और मैदानी स्तर पर वास्तविक स्थिति में भारी अंतर पाए जाने पर उन्होंने कंपनी को कार्यप्रणाली में शीघ्र सुधार करने की सख्त चेतावनी दी। इसके साथ ही, कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए अनुबंध निरस्त करने और ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद
इस औचक निरीक्षण के दौरान पिटकुल की ओर से सहायक अभियंता रजनीश गोदियाल, सहायक अभियंता रविन्द्र कुमार, अवर अभियंता दीपक त्रिपाठी, यूपीसीएल से सहायक अभियंता सुशोभित कपिल और मार्काडोस कंपनी से राहुल तोमर उपस्थित रहे। प्रबंध निदेशक ने नाइट शिफ्ट के अधिकारियों के साथ विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर लंबी चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *